लखनऊ के तकरोही में जेपीऐ सदस्य के गले से कीमती सोने की चैन और मोबाइल छिना
लखनऊ- संवाददाता/ इनसाइड कंट्री न्यूज़ हिंदी /
लखनऊ के थाना इंदिरा नगर, तकरोही चौकी के पास अंबेडकर चौराहे के निकट छिनैती/बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है।
पत्रकार एवं जर्नलिस्ट प्रोटेक्शन एसोसिएशन के संरक्षक सदस्य भगवान दास के निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स को देर रात चोरों ने निशाना बनाया।
मिली जानकारी के अनुसार मकान में निर्माण कार्य चल रहा था, जहां एल्यूमिनियम का कीमती सामान रखा हुआ था। स्वयं भगवान दास अपने दो स्टाफ के साथ कॉम्प्लेक्स के अंदर सो रहे थे।
इसी दौरान देर रात लगभग 3 बजे के आसपास चोर निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स में घुस आए। बताया जा रहा है कि उस समय सभी लोग गहरी नींद में सो रहे थे और चोर मौके का फायदा उठाकर तीन महंगे मोबाइल फोन तथा भगवान दास जी के गले से एक मोटी सोने की चेन छिनैती कर फरार हो गए।
भगवान दास के अनुसार चोरी हुई सोने की चेन की कीमत लगभग 5 लाख बताई जा रही है।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। CCTV फुटेज में कुछ संदिग्ध युवक तेजी से भागते हुए दिखाई दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तीन चोर मौके से भागते देखे गए।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर तकरोही चौकी क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों पर पुलिस अंकुश क्यों नहीं लगा पा रही है?
स्थानीय लोगों के अनुसार इससे पहले भी क्षेत्र में कई चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। कई मोबाइल दुकानों में भी चोरी हो चुकी है, लेकिन अब तक कई मामलों में चोर पुलिस के पकड़ से बाहर हैं।
लगातार हो रही घटनाओं से साफ दिखाई दे रहा है कि चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।
आखिर इन चोरों को कब पकड़ा जाएगा और क्षेत्र की जनता को सुरक्षा का भरोसा कब मिलेगा — यह एक बड़ा सवाल बन चुका है।
घटना ने एक बार फिर रात की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
