विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर लखनऊ में पर्यटन विभाग और उत्तर प्रदेश होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन का संयुक्त कार्यक्रम आयोजित

IMG_20260927_210909

लखनऊ :संवाददाता -इनसाइड कंट्री न्यूज़ हिंदी,
विश्व पर्यटन दिवस 2026 के मौके पर रविवार को लखनऊ के होटल दयाल पैराडाइज में पर्यटन विभाग और उत्तर प्रदेश होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन (UPHRA) के संयुक्त सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यटन क्षेत्र में हो रहे बदलाव, तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान पर्यटन क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई टूल्स के प्रभावी इस्तेमाल पर विचार-विमर्श हुआ। साथ ही प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के संरक्षण और पर्यावरण को सुरक्षित रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। लोगों से अपील की गई कि पर्यटन के दौरान प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान न पहुंचाएं और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दें।
उत्तर प्रदेश होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार जायसवाल ने कहा कि सोशल मीडिया और एआई के बढ़ते प्रभाव के कारण जेनरेशन-जी और जेनरेशन-अल्फा में घूमने-फिरने को लेकर रुचि बढ़ी है। युवाओं के बीच सोलो ट्रैवल का ट्रेंड भी तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने खास तौर पर अकेले यात्रा करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जरूरी इंतजाम किए जाने की बात कही।कार्यक्रम में पर्यटन विशेषज्ञों के साथ होटल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर से जुड़े प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे। इस दौरान डिजिटल तकनीक और एआई के बढ़ते उपयोग के बीच उत्तर प्रदेश में पर्यटन के नए अवसर पैदा करने, नवाचार को बढ़ावा देने और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं देने को लेकर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में पर्यटन विभाग की संयुक्त निदेशक प्रीति श्रीवास्तव सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।वहीं, विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर फिरोजाबाद के पर्यटन ग्राम अकबरपुर (नागऊ, टूंडला) में विद्यार्थियों के आध्यात्मिक भ्रमण और संवाद कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। आर्य गुरुकुल महाविद्यालय, सिरसागंज के 115 विद्यार्थियों और पांच शिक्षकों के दल ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार सुबह सिरसागंज में विद्यार्थियों के दल को हरी झंडी दिखाकर भ्रमण के लिए रवाना किया।भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने बाबा नीब करौरी महाराज की जन्मस्थली, मुख्य मंदिर और ऐतिहासिक डाक बंगले का भ्रमण किया और आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि समय के साथ पर्यटन का स्वरूप भी तेजी से बदल रहा है। युवा नए अनुभवों के साथ आध्यात्मिक और सांस्कृतिक स्थलों की ओर भी आकर्षित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि एआई और सोशल मीडिया ने पर्यटन के प्रचार-प्रसार और अनुभव को नई दिशा दी है।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आधुनिक तकनीक के साथ पर्यटकों को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। बाबा नीब करौरी महाराज जैसे आध्यात्मिक स्थलों के विकास के माध्यम से नई पीढ़ी को उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने के प्रयास भी जारी हैं।

About Author

error: Content is protected !!